दो घरों का मान
आरती और विनय की शादी को पाँच साल हो चुके थे। दोनों नौकरीपेशा थे और शहर में अपना छोटा-सा खूबसूरत घर था। आरती बेहद समझदार और शांत स्वभाव की लड़की थी, जबकि विनय हंसमुख और मिलनसार।
विनय के माता-पिता गाँव में रहते थे। आरती जब भी उनसे बात करती, बहुत सम्मान से करती; पर अंदर ही अंदर वह एक बात देखकर दुखी हो जाती थी—ससुराल वाले हमेशा अपने बेटे को ही “घरेलू कामों का मालिक” जैसा समझते, और बहू से उम्मीद रखते कि वह सब कुछ अकेली करे।
उधर आरती के माता-पिता शहर के दूसरे हिस्से में रहते थे। वह हर हफ्ते मिलने जाना चाहती थी, लेकिन अक्सर सास का ताना सुनना पड़ता—
“बहू, तुम अपने मां-बाप के घर तो बहुत भागती हो… यहाँ के कामों का क्या?”
आरती चुप हो जाती थी, क्योंकि झगड़ा नहीं चाहती थी।
एक रविवार विनय ने ऑफिस से आने के बाद खाना खाया और बोला—
“आरती, अगले महीने पापा का जन्मदिन है। मैं सोच रहा हूँ कि उन्हें यहीं बुला लें, थोड़ा शहर घूम लें, खुश हो जाएंगे।”
आरती मुस्कुराई—
“बहुत अच्छा विचार है विनय, जरूर बुलाइए।”
विनय ने उसी शाम अपने माता-पिता को फोन किया।
पर जवाब आया—
“अरे बेटा, हम कहाँ आने लायक बचे हैं? तुम दोनों आ जाना कभी, हम नहीं आएंगे। और बहू को तो घर का काम छोड़कर हमें घुमाने मत ले जाना।”
विनय को बुरा लगा, लेकिन कुछ कहा नहीं।
लेकिन वही दिन आरती की ज़िंदगी बदल गया। उसने मोबाइल पर अपने भाई की भेजी हुई तस्वीरें देखीं—उसके भाई-भाभी ने अपने सास-ससुर को मनाली घुमाने ले गए थे। माँ-पापा कितने खुश लग रहे थे! पहली बार कहीं घूमने का मौका मिला था।
उसका दिल गहराई तक भर आया।
“मैं अपने माता-पिता को क्यों रोके रखूं? सिर्फ इसलिए कि मैं बहू हूँ? क्या मेरी भी कोई भावनाएं नहीं?”
आरती ने फैसला कर लिया—वह अपने माता-पिता को बिना झिझक बुलाएगी।
आरती ने विनय को बताया—
“मैंने मम्मी-पापा को बुला लिया है। अगले हफ्ते आ जाएंगे।”
विनय खुशी से उछल पड़ा—
“वाह! कमाल कर दिया तुमने। हम उन्हें शिरडी और लोनावाला घुमाने लेकर चलेंगे!”
दोनों इतने उत्साह से तैयारी करने लगे कि घर में त्योहार जैसा माहौल हो गया।
माता-पिता आए तो घर खिल उठा।
आरती की माँ ने विनय के लिए हलवा बनाया और बोली—
“बेटा, तुम्हें देखकर दिल खुश हो जाता है।”
विनय ने झट से कहा—
“अरे मम्मी जी, आप मेरे घर नहीं, अपने ही घर आई हैं!”
चारों मिलकर शिरडी गए, खूब फोटो खिंचवाई। सोशल मीडिया पर डालते ही हर कोई तारीफ कर रहा था—
“वाह! कितना प्यार है दामाद और सास-ससुर में!”
आरती बेहद खुश थी। उसे पहली बार लगा कि वह भी बराबरी से अपने माता-पिता को खुश कर सकती है।
लेकिन उधर…
उसी समय यह तस्वीरें विनय की माँ ने भी देखीं।
उनके अंदर जलन की आग भड़क गई।
उन्होंने तुरंत फोन मिलाया—
“विनय! ये सब क्या है? बहू के मां-बाप को तुमने क्यों बुलाया? और घुमाने भी ले गए? बहू ने तुम्हें अपने बस में कर रखा है क्या?”
विनय कुछ बोल पाता, उससे पहले ही आरती ने फोन ले लिया और बहुत शांत स्वर में कहा—
“माँजी, जैसे आप लोग कभी शहर नहीं आ पाते, वैसे ही मेरे मम्मी-पापा भी घूमने नहीं जाते। क्या उन्हें भी थोड़ा प्यार नहीं मिलना चाहिए? क्या वे भी तो बुजुर्ग हैं। उनका भी मन होता है कि बेटा उनकी फिक्र करे। अगर हम उन्हें खुश कर पाए, तो इसमें बुरा क्या है?”
माँ ने कोई जवाब नहीं दिया। बस फोन काट दिया।
उधर गाँव में विनय की बड़ी बहन और उसके पति आए हुए थे। माँ गुस्से में सबको वही बातें सुना रही थीं—
“बहू अपने माता-पिता को बुलवा रही है, लड़के वाले क्या बस नौकर बन गए?”
तभी दामाद धीरे से बोले—
“मम्मी जी, दिल छोटा मत कीजिए। आज जमाना बहुत बदल चुका है। पहले लोग बेटी के माता-पिता को कम समझते थे… पर अब दोनों परिवार बराबर हैं।
एक बात सोचिए—आप अपने दामाद से कितनी इज्जत की उम्मीद करती हैं, तो क्या आप बहू के माता-पिता को वही इज्जत नहीं दे सकतीं?”
माँ चुप हो गईं।
उन्होंने पहली बार महसूस किया कि शायद उनकी सोच पुरानी थी।
कुछ दिन बाद माँ ने खुद ही विनय को फोन किया—
“बेटा… जब तुम्हारे सास-ससुर दो दिन बाद वापस जाएं, तो हमें भी फोन कर देना। हम भी शहर आने का सोच रहे हैं।”
विनय मुस्कुरा उठा।
आरती की आंखों में खुशी आंसू बनकर चमक रही थी।
पहली बार उसने महसूस किया—
सच्चा बदलाव बहस से नहीं, प्यार से आता है।
कहानी का संदेश:
बेटी और बहू के माता-पिता में कोई फर्क नहीं होता।
जिस घर में दोनों पक्षों को बराबर मान दिया जाता है, वहीं असली खुशहाल परिवार बनता है।
एक दामाद बेटा बन सकता है, और बहू बेटी—बस दिल बड़ा होना चाहिए।
#ParivaarKiNayiSoch #SasSasurAurSasuralKaSamman

Post a Comment