नई शुरुआत
शाम ढल चुकी थी।
आसमान पर हल्के-हल्के बादल छाए हुए थे और स्टेशन के पास की बस्ती में ट्रेन की सीटी रोज़ की तरह गूँज रही थी।
कनक चौके में बैठी सब्ज़ी काट रही थी।
आज उसकी शादी को पूरे तीन महीने हो चुके थे, लेकिन उसे ऐसा लगता था जैसे वह इस घर में बरसों से रह रही हो।
कनक कभी बहुत बड़े घर की बहू हुआ करती थी।
सुख-सुविधाओं में पली-बढ़ी,
नौकर-चाकर और आराम की आदत वाली कनक—
आज उसी कनक के हाथों में सब्ज़ी काटने की छुरी थी।
लेकिन उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी।
उसकी आँखों में शिकायत नहीं,
बल्कि अपनापन था।
जिस घर से उसे अपमान के साथ निकाला गया था,
वहीं उसने बहुत कुछ खोया था—
लेकिन इस छोटे से घर में
उसे सम्मान, अपनापन और सुकून मिला था।
कनक स्वभाव से सीधी, संवेदनशील और आत्मसम्मान वाली लड़की थी।
उसे दिखावा पसंद नहीं था।
दुख को चुपचाप सह जाना
और ज़रूरत पड़ने पर सही के लिए खड़ा हो जाना—
यही उसकी सबसे बड़ी ताक़त थी।
आज वह इस घर की बहू थी—
जहाँ न दौलत थी,
न बड़ा नाम,
लेकिन दिल बहुत बड़े थे।
तभी बाहर से कुशल की आवाज़ आई—
“कनक… सुनो ज़रा।”
कनक आवाज़ पहचान गई।
यह आवाज़ कुशल की थी—
वही कुशल, जिससे उसकी मुलाक़ात मुश्किल समय में हुई थी।
कुशल कोई अमीर घर का लड़का नहीं था।
वह रेलवे स्टेशन के पास बनी बस्ती में रहने वाला,
साधारण परिवार से ताल्लुक़ रखने वाला
ईमानदार और मेहनती युवक था।
उसके पिता स्टेशन पर चाय और समोसे बेचते थे,
माँ घर संभालती थीं,
और कुशल खुद पढ़ाई के साथ-साथ
छोटे-मोटे काम करके घर का हाथ बँटाता था।
कनक के जीवन में कुशल तब आया था
जब उसके अपने ही घरवालों ने उसे ठुकरा दिया था।
उस मुश्किल घड़ी में
कुशल ने न तो उसके पैसे देखे,
न उसके बड़े घर का रुतबा—
उसने सिर्फ़ कनक का टूटता हुआ मन देखा।
धीरे-धीरे वही सहारा
दोनों के बीच भरोसे में बदला
और वही भरोसा
रिश्ते में।
आज वही कुशल
उसका पति था—
जो बड़ी बातें नहीं करता था,
लेकिन हर हाल में
उसके साथ खड़ा रहता था।
कनक ने मुस्कुराते हुए चौके से बाहर झाँका,
क्योंकि वह जानती थी—
अब उसकी ज़िंदगी में
वह आवाज़ अकेली नहीं,
बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताक़त थी।
कनक तुरंत उठी और दरवाज़े की ओर बढ़ी।
कुशल के चेहरे पर आज कुछ अलग ही चमक थी।
“क्या हुआ?”
कनक ने उत्सुकता से पूछा।
कुशल मुस्कुराया,
“आज इंटरव्यू का रिज़ल्ट आ गया।”
कनक का दिल ज़ोर-ज़ोर से धड़कने लगा।
“फिर…?”
“सेलेक्ट हो गया हूँ।”
इतना कहते ही कुशल की आँखें भर आईं।
कनक ने बिना कुछ सोचे उसे गले लगा लिया।
“मैं जानती थी, तुम्हारी मेहनत ज़रूर रंग लाएगी।”
अंदर से मालती, जो कुशल की माँ थीं, और उसके पिता संदीप भी बाहर आ गए।
जब कुशल ने उन्हें खुशखबरी सुनाई तो मालती ने तुरंत भगवान का नाम लिया।
“देखा बाबूजी,”
मालती ने भावुक होकर कहा,
“मेहनत कभी खाली नहीं जाती।”
उस रात घर में पहली बार मिठाई आई।
भले ही सिर्फ़ आधा किलो लड्डू थे, लेकिन खुशी पूरे घर में फैल गई थी।
अगले कुछ दिनों में कुशल की नौकरी शुरू हो गई।
अब सुबह जल्दी उठकर वह दफ्तर जाने लगा।
कनक भी घर के कामों के साथ-साथ कुछ नया करने के बारे में सोचने लगी थी।
एक दिन उसने मालती से कहा—
“माजी, क्यों न हम समोसे के साथ कचौड़ी भी बनाना शुरू करें? स्टेशन पर लोग खूब खाते हैं।”
मालती थोड़ी देर सोचती रही, फिर बोली—
“बहु, अगर तुम साथ दोगी तो हम ज़रूर कर सकते हैं।”
धीरे-धीरे काम बढ़ने लगा।
अब स्टेशन पर लोग मालती की चाय और कनक की बनाई कचौड़ियों की तारीफ़ करने लगे थे।
एक शाम अचानक बाहर से लोगों के चिल्लाने की आवाज़ आने लगी।
रेलवे क्रॉसिंग की तरफ़ अफरा-तफरी मच गई थी।
कनक घबरा गई।
वह जल्दी से बाहर भागी।
वहाँ देखा तो एक भूरी रंग की गाय, जो रोज़ उसी रास्ते से चारा खाने जाया करती थी,
पटरी पार करते समय फिसल गई थी।
ट्रेन तेज़ी से पास आ रही थी,
लेकिन आख़िरी पल में ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिए।
गाय तो बच गई,
पर उसका एक पैर बुरी तरह ज़ख़्मी हो गया था।
ये दृश्य देखते ही कनक का दिल ज़ोर से धड़क उठा।
उसकी आँखों के सामने वही पुराना हादसा घूम गया—
जब कुछ दिन पहले एक काली गाय इसी क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आकर मर गई थी।
कनक की आँखें भर आईं।
वह काँपती आवाज़ में बोली—
“अगर उस दिन बैरियल होता,
तो आज ये हाल न होता…
और न ही उस बेचारी गाय की जान जाती।”
उस पल कनक ने मन ही मन ठान लिया—
अब वह चुप नहीं बैठेगी।
“अब बहुत हो गया,”
कनक ने कुशल से कहा,
“हम ऐसे ही चुप नहीं बैठ सकते।”
अगले दिन कनक खुद मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर शिकायत लिखने गई।
पहली बार किसी ने इतने भरोसे के साथ आवाज़ उठाई थी।
शुरुआत में अफ़सरों ने ध्यान नहीं दिया,
लेकिन जब रोज़-रोज़ लोग आने लगे तो बात ऊपर तक पहुँची।
तीन महीने बाद—
रेलवे क्रॉसिंग पर बैरियल लग गया।
उस दिन पूरे मोहल्ले ने कनक को धन्यवाद कहा।
सीता की आँखों में आँसू आ गए।
वह उनकी पड़ोसी थी, जिसने दो साल पहले इसी रेलवे क्रॉसिंग पर अपने पति को खो दिया था।
भरी आवाज़ में वह बोली—
“अगर ये बैरियल पहले लग गया होता,
तो शायद आज मेरे पति ज़िंदा होते…”
कनक ने उसका हाथ थाम लिया।
“जो हो गया उसे बदला नहीं जा सकता,
लेकिन अब किसी और की जान बच जाए,
यही सबसे बड़ी बात है।”
कई महीनों बाद कनक को अपने मायके से खबर मिली।
जिन चाचा-चाची और उनकी बेटी ने कभी उसे बेघर किया था,
आज वही खुद मुश्किलों में घिर चुके थे।
जिस संपत्ति के लालच में उन्होंने रिश्तों को ठुकरा दिया था,
जिस घर के लिए उन्होंने कनक को दरवाज़े से बाहर निकाल दिया था,
अब वही संपत्ति उनके हाथों से फिसलने वाली थी।
समय ने बिना कोई शोर मचाए,
हर सवाल का जवाब दे दिया था।
अब पछतावा था,
लेकिन कनक के लिए नहीं—
अपनी गलती और टूटते हालात के लिए।
कनक ने खबर सुनी,
ओर चुपचाप पत्र रख दिया।
कुशल ने पूछा,
“मिलना चाहती हो?”
कनक ने सिर हिला दिया।
“नहीं…
अब मेरा घर यही है।”
उसने छोटे से आँगन की ओर देखा—
जहाँ मालती तुलसी को पानी दे रही थी,
सीता बच्चों के साथ हँस रही थी,
और दूर से ट्रेन की आवाज़ आ रही थी।
कनक के चेहरे पर सुकून था।
आज उसके पास बड़ा घर नहीं था,
लेकिन एक ऐसा परिवार था
जहाँ उसे अपनापन, सम्मान और प्यार मिला था।
और यही उसकी असली जीत थी।

Post a Comment